एमपी के आलीराजपुर के कट्ठीवाड़ा में गुजरात पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गुजरात पुलिस के उपनिरीक्षक सहित 4 पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल भाग कर अपनी जान बचाई। दरअसल गुजरात के आणंद जिले के बोरसाद थाने की पुलिस मंगलवार को कट्ठीवाड़ा के काछला गांव में एक फरार वारंटी की तलाश में आई थी। काछला गांव का भीखा राठवा अवैध शराब से जुड़े एक मामले में कई दिनों से फरार चल रहा था, उसी की तलाश में गुजरात पुलिस काछला गांव पहुंची थी।
अधिकारियों से किया गाली-गलौच
आरोपी की तलाश के बाद जैसी ही गुजराज पुलिस की टीम कट्ठीवाड़ा थाने पर अपनी आमद देने पहुंची, उनका पीछा करते हुए कुछ लोग भी थाना परिसर में पहुंच गए और गुजरात पुलिस के अधिकारियों से गाली-गलौच कर विवाद करने लगे। इसी बीच कट्ठीवाड़ा पुलिस ने बीच बचाव किया और गुजरात पुलिस को थाने की सीमा तक छोड़ने के लिए एक अन्य वाहन के साथ रवाना किया। लेकिन कट्ठीवाड़ा थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही करीब 20-25 हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में गुजरात पुलिस के निजी वाहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हमलावरों ने धारदार हथियार से वाहन के टायर को भी पंचर कर दिया। इतना ही नहीं वाहन चालक के पास बैठे गुजरात पुलिस के एसआई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले की कोशिश भी की गई, हालांकि एसआई ने सतर्कता दिखाते हुए जैसे तैसे अपनी बचाई। घटना के दौरान गुजरात पुलिस द्वारा आत्मरक्षा के लिए 3 राउंड हवाई फायर भी किए गए। इसी बीच चन्द्रशेखर आज़ाद नगर थाने का बल भी मौके पर पहुंचा जिसके बाद हमलावर गुजरात पुलिस को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कट्ठीवाड़ा और आस-पास के इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल हो गया था।
घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक ने भी दल बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।