औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की परतें: बहोरीबंद अस्पताल से पंचायत तक कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की परतें: बहोरीबंद अस्पताल से पंचायत तक कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम बहोरीबंद -जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को विकासखंड बहोरीबंद के स्वास्थ्य संस्थानों और शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जिस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए बीएमओ, एएनएम और पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया भी मौजूद रहे।
अस्पताल में अव्यवस्था, ड्यूटी चार्ट तक नहीं मिला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद के निरीक्षण में ड्यूटी डॉक्टर चार्ट उपलब्ध नहीं मिला। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. शैफाली उइके, डॉ. रितेश दुबे तथा बीएमओ अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने बीएमओ के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में निर्धारित 10 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध केवल 6 बच्चे पाए गए। महिला जनरल वार्ड, प्रसूति वार्ड, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के रजिस्टर, ओपीडी और पैथोलॉजी कक्ष का निरीक्षण करते समय साफ-सफाई की कमी पर भी कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर को फोन पर निर्देश देकर स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार लाने और मैदानी अमले को सक्रिय करने को कहा।
दोपहर तक बंद मिला आरोग्य केंद्र, एएनएम को नोटिस
आयुष्मान आरोग्य केंद्र पथराडी पिपरिया दोपहर 12 बजे तक बंद मिला। इस पर संबंधित एएनएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
पटोरी आरोग्य केंद्र में एएनएम और रोजगार सहायक उपस्थित मिले, जहां कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की निगरानी, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही शेष 423 आयुष्मान कार्ड 15 दिनों में बनाने के आदेश दिए।
ग्रामीणों ने बताई पेयजल समस्या, तत्काल समाधान के निर्देश
ग्राम पटोरी के ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या कलेक्टर के सामने रखी। इस पर पुराने हैंडपंपों की मरम्मत और नए ट्यूबवेल खनन के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जर्जर स्कूल भवन गिराने और नए कमरे बनाने के आदेश
प्राथमिक शाला पटोरी की जर्जर भवन स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल भवन गिराने के निर्देश दिए तथा दो नए कमरों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
तहसील कार्यालय और उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण
नायब तहसील कार्यालय बाकल में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए। किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने पर भी जोर दिया गया।
उप स्वास्थ्य केंद्र बाकल में एक कक्ष की गिरी हुई छत को संभावित दुर्घटना का कारण मानते हुए कलेक्टर ने तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।



