उमरिया पान में आधी रात भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने टक्कर में दो गंभीर घायल, एक की हालत नाजुक
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान में आधी रात भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने टक्कर में दो गंभीर घायल, एक की हालत नाजुक
कलयुग की कलम उमरिया पान – मंगलवार देर रात करीब 11 बजे उमरिया पान क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मडे़ंरा निवासी रितेश सिंह और महनेर कॉलोनी निवासी गोलू चौधरी उमरिया पान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिहोरा की दिशा से आ रही एक फोर व्हीलर (MP 21 ZC 1165) से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को उमरिया पान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई। एक घायल की स्थिति अत्यंत नाजुक होने के साथ उसका पैर टूटने की भी पुष्टि हुई। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल बेहतर उपचार हेतु दोनों घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।



