आरटीओ शिविर में फटाफट कार्रवाई 13 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें मौके पर निपटीं, आवेदकों को मिली त्वरित राहत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आरटीओ शिविर में फटाफट कार्रवाई 13 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें मौके पर निपटीं, आवेदकों को मिली त्वरित राहत
कलयुग की कलम कटनी -आम नागरिकों की परिवहन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय कटनी में मंगलवार को विशेष शिविर आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश परिवहन विभाग के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में सीएम हेल्पलाइन की 13 लंबित शिकायतों का मौके पर निराकरण कर आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
शिविर का आयोजन लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान और नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयी चक्कर से राहत दिलाने के उद्देश्य से किया गया था। इस दौरान शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा गया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल ने बताया कि प्रत्येक शिकायत पर वन-टू-वन चर्चा की गई, जिससे समस्याओं का वास्तविक स्वरूप सामने आया और समाधान में तेजी आई।
नागरिकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएँ
शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर में टेंट के माध्यम से छायादार बैठक व्यवस्था की गई। साथ ही स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे आवेदकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



