शवयात्रा का रास्ता हुआ मुक्त, कलेक्टर के निर्देश पर हटाया गया अतिक्रमण,सलैयाफाटक मुक्तिधाम मार्ग से हटे अवैध निर्माण, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

शवयात्रा का रास्ता हुआ मुक्त, कलेक्टर के निर्देश पर हटाया गया अतिक्रमण सलैयाफाटक मुक्तिधाम मार्ग से हटे अवैध निर्माण, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
करयुग की कलम स्लीमनाबाद -तहसील स्लीमनाबाद अंतर्गत ग्राम सलैयाफाटक में शासकीय मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हटवा दिया गया। कार्रवाई के बाद मुक्तिधाम का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है, जिससे ग्रामीणों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिली है।
विदित हो कि 20 जनवरी को बहोरीबंद में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत सलैयाफाटक के सरपंच बसोरी लाल यादव ने कलेक्टर को अवगत कराया था कि भागचंद एवं उनकी पत्नी सुहद्रा बाई द्वारा मुक्तिधाम तक जाने वाले शासकीय मुरूम मार्ग पर अवैध रूप से मकान निर्माण कर लोहे की जाली लगा दी गई है। इसके चलते शवयात्रा निकालने में गंभीर दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं। शिकायत में यह भी बताया गया था कि पूर्व में शवयात्रा रोके जाने और अभद्रता किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी जानकारी थाना एवं तहसील स्तर तक दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में नायब तहसीलदार बहोरीबंद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई के पश्चात मुक्तिधाम का मार्ग पूरी तरह सुचारु कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।



