प्रशासनमध्यप्रदेश

पेयजल शुद्धता से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक सख्ती, लापरवाही पर वेतन कटौती समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के कड़े निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

पेयजल शुद्धता से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक सख्ती, लापरवाही पर वेतन कटौती समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के कड़े निर्देश

कलयुग की कलम कटनी -जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को पानी की टंकियों, हैंडपंपों और अन्य पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए बैंकों से समन्वय कर शीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर एवं अपर कलेक्टर नीलंबार मिश्रा उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को अपने-अपने क्षेत्र के बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से संपत्ति कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सख्त रुख

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कृषि उपज मंडी की शिकायत नॉन-अटेंडेंट पाए जाने पर एल-1 अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों में लापरवाही पर कलेक्टोरेट कार्यालय के ओएस तथा स्लीमनाबाद तहसील में निम्न गुणवत्ता से शिकायत निराकरण करने वाले कर्मचारी का भी एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

राजस्व कार्यों में तेजी के निर्देश

बैठक में एफआरए वनाधिकार पट्टाधारकों की फार्मर आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए बड़वारा, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़, बरही, ढीमरखेड़ा एवं रीठी तहसीलों को विशेष फोकस के साथ कार्य करने को कहा गया।

राजस्व अभिलेखों की स्कैनिंग के लिए तहसीलदारों को पटवारियों को कलेक्टोरेट भेजने तथा ईएचआरएमएस पोर्टल पर पटवारियों को शीघ्र ऑनबोर्ड कराने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

पीएम किसान योजना अंतर्गत आधार-बैंक लिंकिंग के लिए एनपीसीआई कैंप लगाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

समग्र ई-केवाईसी और आधार कैंप की समीक्षा

कलेक्टर ने समग्र ई-केवाईसी कार्य में गति लाने पर जोर देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित आधार कैंपों में 2,975 नए आधार बनाए गए जबकि 16,311 आधार अपडेट किए गए हैं।

‘संकल्प से समाधान’ अभियान पर विशेष जोर

कलेक्टर श्री तिवारी ने 12 जनवरी से 31 मार्च तक चार चरणों में संचालित होने वाले ‘संकल्प से समाधान’ अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। इस अभियान के माध्यम से शासन की 106 सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाया जाएगा।

प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक पंचायत और नगरीय वार्ड स्तर पर आवेदन एवं शिकायतें एकत्र की जाएंगी।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला रोजगार अधिकारी डीके पासी, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी वनश्री कुर्वेती, जिला खाद्य अधिकारी देवकी सोनवानी, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button