जनसुनवाई में 139 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में 139 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – प्रभारी कलेक्टर हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 139 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रभारी कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके व ज्योति लिल्हारे तथा एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
पीएम किसान निधि का मामला
जनसुनवाई में ग्राम बंदा पोस्ट निवार, तहसील स्लीमनाबाद निवासी ललिताबाई ने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पटवारी व सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इस पर तहसीलदार कटनी ग्रामीण को पात्रतानुसार योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
भविष्य निधि भुगतान के निर्देश
सुधा विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय भेदराज विश्वकर्मा, बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर थे, जिनकी वर्ष 2024 में मृत्यु हो गई। ईपीएफओ की राशि तो मिल रही है, लेकिन भविष्य निधि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। प्रभारी कलेक्टर ने बिजली विभाग को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अत्यधिक विद्युत बिल की शिकायत
ग्राम धरवारा, थाना स्लीमनाबाद निवासी भूखन लाल साहू ने अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत की। उन्होंने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बिल में राहत की मांग की। इस पर बिजली विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।



