निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के सख्त निर्देश सीवर विस्तार, एसटीपी, पीएम आवास, स्वच्छता व शीतलहर राहत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के सख्त निर्देश सीवर विस्तार, एसटीपी, पीएम आवास, स्वच्छता व शीतलहर राहत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा
कलयुग की कलम कटनी -शहर की आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को अमृत योजना के तहत चल रहे सीवर लाइन विस्तार कार्य, माधवनगर में निर्माणाधीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), प्रधानमंत्री आवास योजना झिंझरी, एमएसडब्ल्यू प्लांट तथा गौशाला का औचक निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और समय-सीमा के पालन को लेकर अधिकारियों व एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने बरगवां से माधवनगर निरंकारी भवन तक चल रहे सीवर विस्तार व रोड रेस्टोरेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए पाइपलाइन की गहराई, जोड़ों की मजबूती और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने आगामी 10 दिनों में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा धूल नियंत्रण हेतु नियमित पानी के छिड़काव और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। बिलहरी मोड़ क्षेत्र में कम प्रगति पाए जाने पर अतिरिक्त मशीनरी व मैनपावर लगाने के निर्देश दिए गए।
माधवनगर में निर्माणाधीन 750 एमएलडी एसटीपी प्लांट में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर निगमायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और समानुपातिक प्रगति लाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एमएसडब्ल्यू प्लांट के निरीक्षण में फ्रेश वेस्ट का समय पर निस्तारण नहीं होने पर प्लांट हेड व संबंधित इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कचरा वाहनों के जीपीएस मॉनिटरिंग, कचरे की माप और सतत निगरानी पर जोर दिया गया। अमीरगंज गौशाला निरीक्षण के दौरान चारा, पेयजल, साफ-सफाई व पशु स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जोनवार स्वच्छता अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों से 2900 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया। वहीं मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत 23 जनवरी 2026 को सामूहिक विवाह आयोजन की जानकारी देते हुए 9 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए।
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए निगमायुक्त ने अलाव व रैन बसेरा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ रखने, प्रमुख स्थलों पर अलाव बढ़ाने तथा जरूरतमंदों को रैन बसेरा तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



