सूने घर में चोरी का पर्दाफाश: उमरियापान पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी,सोने-चांदी के जेवरात बरामद, पूछताछ में कबूली वारदात; न्यायालय ने भेजा जेल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सूने घर में चोरी का पर्दाफाश: उमरियापान पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी,सोने-चांदी के जेवरात बरामद, पूछताछ में कबूली वारदात; न्यायालय ने भेजा जेल
कलयुग की कलम उमरिया पान – संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उमरियापान पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी उमरियापान उप निरीक्षक महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की विवेचना करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
4 अगस्त की रात सूने घर को बनाया निशाना
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम पकरिया निवासी वर्षा लोधी ने बताया था कि 4 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसा और सोने-चांदी के जेवरात रखी पेटी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना उमरियापान में अपराध क्रमांक 250/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
संदेह की कड़ी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान फरियादिया ने पुलिस को बताया कि अजीत उर्फ जित्तू कोल का उनके घर लगातार आना-जाना था और उन्होंने उस पर संदेह व्यक्त किया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर अजीत उर्फ जित्तू कोल, पिता बल्लू कोल, निवासी बरौदा, थाना उमरियापान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा
गिरफ्तार आरोपी अजीत उर्फ जित्तू कोल को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
चोरी की वारदात का खुलासा करने और चोरी का मशरूका बरामद करने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल, उप निरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, आरक्षक नीलेश पटेल, आरक्षक मोहन मुबेल, आरक्षक रोहित झारिया सहित थाना उमरियापान के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



