बादलों की मौजूदगी, हवा के झोकों ने बढ़ाया, रात में गुलाबी ठंड का अहसास
मंगलवार सुबह हवा का रुख उत्तर पूर्वी से बदलकर उत्तरी हो गया। इसके चलते सुबह ठंड महसूस हुई। दिन में धूप खिली। लेकिन, सर्द उत्तरी हवा व बादलों के चलते दिन में तापमान स्थिर रहा। दिन का अधिकतम तापमान मंगलवार को भी 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से गिरकर 18.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम था।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह जबलपुर सम्भाग सहित पूर्वी मप्र में वर्षा का कारण बन रहा है। पश्चिमी विदर्भ से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक और झारखंड से लेकर आंध्रप्रदेश तक ट्रफ लाइन बनी है। इसके कारण बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। 20 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है। लेकिन, इसका असर 23 और 24 मार्च को ही दिखेगा।