एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा के रोजगार शिविर में युवाओं की लगी किस्मत, 48 अभ्यर्थियों को मौके पर मिला जॉइनिंग लेटर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा के रोजगार शिविर में युवाओं की लगी किस्मत, 48 अभ्यर्थियों को मौके पर मिला जॉइनिंग लेटर

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सोमवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में आयोजित विशेष रोजगार शिविर उम्मीदों का बड़ा मंच साबित हुआ। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जहां चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 48 अभ्यर्थियों को तत्काल जॉइनिंग लेटर सौंपे गए। इससे चयनित युवाओं के साथ-साथ अन्य प्रतिभागियों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस शिविर में निजी क्षेत्र की एसआईएस प्राइवेट लिमिटेड, सिंगरौली ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे विकासखंड ढीमरखेड़ा के 145 बेरोजगार युवाओं ने अपना पंजीयन कराया।

कंपनी द्वारा अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा एवं अन्य चयन प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 48 युवाओं का अंतिम चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को शिविर स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जॉइनिंग लेटर मिलने के बाद युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई प्रतिभागियों ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताते हुए जिला प्रशासन और रोजगार विभाग का आभार व्यक्त किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने ही जिले के माध्यम से रोजगार से जोड़ना था। रोजगार शिविर में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को सफल बनाया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला रोजगार कार्यालय के अनिल कुमार तिवारी तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की जया कोष्ठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला रोजगार अधिकारी सुषमा विश्वकर्मा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन समय-समय पर ऐसे रोजगार शिविर आयोजित करता है। अधिक से अधिक युवा इनमें भाग लेकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। ऐसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रही हैं।

Related Articles

Back to top button