लापरवाही पर सख़्त रुख: आंगनवाड़ी भवन निरीक्षण में ढीमरखेड़ा सीईओ श्री कोरी ने की कार्रवाई निर्देशों की अनदेखी पर सचिव व उपयंत्री के वेतन में कटौती, एक सप्ताह की अंतिम मोहलत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

लापरवाही पर सख़्त रुख: आंगनवाड़ी भवन निरीक्षण में ढीमरखेड़ा सीईओ श्री कोरी ने की कार्रवाई निर्देशों की अनदेखी पर सचिव व उपयंत्री के वेतन में कटौती, एक सप्ताह की अंतिम मोहलत
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री यजुवेंद्र कोरी ने जनमन योजना के अंतर्गत ग्राम कोठी पहुंचकर स्वीकृत एवं प्रगतिरत आंगनवाड़ी भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी और असंतोषजनक पाई गई। नियत समय में कार्य पूर्ण नहीं होने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा समाधानकारक उत्तर प्रस्तुत न किए जाने पर सीईओ ने सख़्त नाराजगी व्यक्त की।
प्रथम दृष्टया निर्देशों की अवहेलना एवं लापरवाही सामने आने पर ग्राम पंचायत सचिव के तीन दिन तथा उपयंत्री के दो दिन के वेतन में कटौती के निर्देश दिए गए। श्री कोरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, अन्यथा निर्माण एजेंसी के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा समय-सीमा बैठकों में आंगनवाड़ी भवनों को निर्धारित समय में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी भी व्यक्त की थी। वहीं जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने भी सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
पचपेड़ी में आधार कैंप व मध्यान्ह भोजन की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में सीईओ श्री कोरी ने ग्राम पंचायत पचपेड़ी में आयोजित आधार कैंप का जायजा लिया तथा मध्यान्ह भोजन वितरण और उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए, किचन शेड साफ-सुथरा रखा जाए और बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।इस दौरान सहायक यंत्री सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



