सेफ क्लिक 2.0 की गूंज: साइबर सुरक्षा के लिए दौड़ा कटनी, हजारों युवाओं ने लिया डिजिटल सुरक्षा का संकल्प,पुलिस की अनोखी पहल—मैराथन के जरिए दिया साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सेफ क्लिक 2.0 की गूंज: साइबर सुरक्षा के लिए दौड़ा कटनी, हजारों युवाओं ने लिया डिजिटल सुरक्षा का संकल्प,पुलिस की अनोखी पहल—मैराथन के जरिए दिया साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
कलयुग की कलम कटनी – तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के बीच लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने रविवार को ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के अंतर्गत पुलिस कंट्रोल रूम से माधवनगर गेट तक साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया। बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों एवं अग्निवीर अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मैराथन को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, जिला खेल अधिकारी सुनीता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी एस. पाण्डेय सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस बल, विद्यार्थी और विभिन्न संस्थानों के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने लोगों से फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ऑनलाइन निवेश के झांसे, लॉटरी और अन्य साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को सूचना दें।
मैराथन के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय के सृजल तिवारी ने प्रथम, मोहित पटेल ने द्वितीय तथा कुंदनदास स्कूल के आदर्श यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में शिकागो शाला माधवनगर की कुमारी शीतल गुरुम प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय की नेहा गौड़ द्वितीय तथा शिकागो शाला की हर्षिता बर्मन तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने, डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा समाज में अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।



