प्रशासनमध्यप्रदेश

जनकल्याण अभियान से बदलेगी लाखों लोगों की जिंदगी, हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टर्स को दिए निर्देश, पौधरोपण, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और योग दिवस को जनआंदोलन बनाने पर जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनकल्याण अभियान से बदलेगी लाखों लोगों की जिंदगी, हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टर्स को दिए निर्देश, पौधरोपण, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और योग दिवस को जनआंदोलन बनाने पर जोर

कलयूग की कलम कटनी – प्रदेश में 5 जून से शुरू होने जा रहे राज्य स्तरीय जनकल्याण अभियान को लेकर शासन ने व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।

बुधवार को मंत्रालय से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्तों, कलेक्टर्स और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कटनी जिले से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

5 जून से 21 जून तक चलेगा जनहित का महाअभियान

मुख्य सचिव ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक प्रदेशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, स्वच्छता गतिविधियां, जल संरक्षण कार्यक्रम, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं और योग दिवस आयोजन प्रमुख रूप से होंगे।

उन्होंने कहा कि बीते वर्ष पौधरोपण अभियान में मध्यप्रदेश ने देशभर में अग्रणी स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष भी उसी उत्साह और बेहतर रणनीति के साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। पौधों की जियो-टैगिंग और क्यूआर कोड आधारित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

जनकल्याण शिविरों में मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ

मुख्य सचिव ने 12 से 18 जून के बीच प्रत्येक विकासखंड में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही लोक सेवा गारंटी और समाधान संबंधी लंबित आवेदनों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण भी किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो और समय-सीमा के भीतर सभी जायज मांगों का निराकरण किया जाए।

प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा

अभियान के तहत 19 और 20 जून को प्रत्येक जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लाभों से अवगत कराया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि खेती की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस पहल को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए।

योग दिवस पर बनेगा नया रिकॉर्ड

मुख्य सचिव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जिले के ऐतिहासिक स्थलों एवं पर्यटन केंद्रों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जानकारी दी गई कि योग दिवस से पहले 14 जून को विशेष योग गतिविधि आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी टोल फ्री नंबर 18003157008 पर पंजीयन करा सकते हैं। यह आयोजन सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक किया जाएगा।

प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने का लक्ष्य

मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनसेवा, प्राकृतिक खेती और योग को जनआंदोलन का स्वरूप देकर मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जिलों को समन्वित कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा, ताकि जनकल्याण अभियान का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

Related Articles

Back to top button