कटनी-ढीमरखेड़ा में पुलिस का एक्शन मोड: ‘शैडो एरिया’ पर सख्त निगरानी, सघन चेकिंग से अपराधियों में हड़कंप
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी-ढीमरखेड़ा में पुलिस का एक्शन मोड: ‘शैडो एरिया’ पर सख्त निगरानी, सघन चेकिंग से अपराधियों में हड़कंप
कलयुग की कलम कटनी – जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ‘शैडो एरिया’ (संवेदनशील व एकांत स्थान) में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में सोमवार को खुद एसपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने मैदान में उतरकर औचक निरीक्षण किया।
आला अधिकारियों ने संभाली कमान
एसपी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कुठला थाना क्षेत्र के चमड़ा गोदाम, इंदिरा नगर, पन्नी कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर और लमतड़ा ओवर ब्रिज जैसे संवेदनशील इलाकों का दौरा कर पुलिस बल को सतर्कता के निर्देश दिए।
वहीं, एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया ने माधव नगर क्षेत्र के अमकुही पहाड़ी, एसीसी, बंगला लाइन और अमीरगंज क्षेत्रों में गश्त का निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
वाहनों पर सख्ती, हजारों का जुर्माना
125 से अधिक वाहनों की सघन चेकिंग 42 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई बिना हेलमेट, तीन सवारी और नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई कुल ₹22,900 का जुर्माना वसूला गया
अवैध गतिविधियों पर सर्जिकल कार्रवाई
कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा और माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने होटलों, लॉज और संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस की इस सघन कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। लगातार निगरानी और सख्त कदमों से कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी हैं।



