उमरियापान नगर क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम से आमजन परेशान हैं। मुख्य मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे लोगों का समय बर्बाद हो रहा है और आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के कामकाज से निकलने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र और प्रमुख चौराहों पर अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। कई बार जाम के चलते वाहन चालकों को काफी देर तक सड़क पर ही फंसे रहना पड़ता है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को रोज-रोज की इस परेशानी से राहत मिल सके।