नन्हीं बेटियों ने कलेक्टर की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा,हर्षिता की कविता पर मुस्कुराए कलेक्टर, राखी बंधवाकर बेटियों को दिया उपहार; डिठवारा आंगनवाड़ी में दिखा अपनत्व और विश्वास का भावुक पल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

नन्हीं बेटियों ने कलेक्टर की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा,हर्षिता की कविता पर मुस्कुराए कलेक्टर, राखी बंधवाकर बेटियों को दिया उपहार; डिठवारा आंगनवाड़ी में दिखा अपनत्व और विश्वास का भावुक पल
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जमीनी स्थिति देखने निकले कलेक्टर आशीष तिवारी ग्राम डिठवारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान उस समय माहौल आत्मीय हो गया, जब नन्हीं बालिकाओं ने कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने भी सहजता से बेटियों की राखी स्वीकार की और उन्हें स्नेहपूर्वक उपहार एवं चॉकलेट भेंट की।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से घुल-मिलकर बातचीत की और उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, नाश्ते तथा आंगनवाड़ी केंद्र पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों के साथ बिताए इन आत्मीय पलों से केंद्र का वातावरण खुशनुमा हो गया।
दस्तावेज पूरे रखने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों के आधार कार्ड, समग्र आईडी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति जानी। उन्होंने आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती करुणा शुक्ला से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि केंद्र से जुड़े प्रत्येक बच्चे के जरूरी दस्तावेज पूर्ण रहें, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने बच्चों की गतिविधियों और सीखने की प्रक्रिया को भी देखा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं देखभाल को लेकर जानकारी ली।
‘हाथी राजा कहाँ चले…’ ने बटोरी वाहवाही
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर नन्हीं बिटिया हर्षिता राजपूत पर पड़ी। उन्होंने हर्षिता से कविता सुनाने के लिए कहा। हर्षिता ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी मासूम आवाज में ‘हाथी राजा कहाँ चले…’ कविता सुनाई।
नन्हीं बालिका की प्रस्तुति और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर प्रसन्न हुए। उन्होंने हर्षिता को चॉकलेट देकर उसका उत्साह बढ़ाया। यह छोटा-सा प्रोत्साहन बच्चों में आत्मविश्वास और सीखने की ललक बढ़ाने वाला संदेश भी दे गया।
राखी बंधी तो बन गया भाई-बहन जैसा अपनापन
डिठवारा आंगनवाड़ी में सबसे भावुक क्षण तब आया, जब संजना राजपूत और हर्षिता राजपूत ने कलेक्टर आशीष तिवारी की कलाई पर राखी बांधी। कलेक्टर ने दोनों नन्हीं बेटियों से स्नेहपूर्वक राखी बंधवाई और उन्हें चॉकलेट एवं उपहार देकर प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी आने और वहां मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राखी के इस आत्मीय प्रसंग ने सरकारी निरीक्षण को एक यादगार मानवीय संवाद में बदल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



