प्रशासनमध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त का सख्त एक्शन: लापरवाही पर अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में धनंजय सिंह का मैदानी निरीक्षण, स्कूल-आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों की खुली व्यवस्थाओं की पोल; जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त का सख्त एक्शन: लापरवाही पर अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में धनंजय सिंह का मैदानी निरीक्षण, स्कूल-आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों की खुली व्यवस्थाओं की पोल; जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी सिलौंडी – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शुक्रवार को कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के निर्धारित क्षेत्रों का मैदानी भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान जहां बेहतर कार्य के लिए अधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया, वहीं लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

संभागायुक्त ने गौरा के उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली तथा जननी सुरक्षा योजना और प्रसूति सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

स्कूल में बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई का लिया जायजा

ग्राम हल्का स्थित शासकीय माध्यमिक शाला पहुंचकर संभागायुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता और नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों से ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की संख्या तथा पाठ्य पुस्तकों के वितरण की प्रगति के संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता के बारे में भी फीडबैक लिया।

इसके बाद हल्का आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां पंजीकृत एवं उपस्थित बच्चों की जानकारी लेने के साथ गंभीर कुपोषित एसएएम और मध्यम कुपोषित एमएएम बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, आवश्यकता के अनुसार एनआरसी में प्रवेश और स्वास्थ्य सुधार के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।

लंबे समय से आंगनबाड़ी निरीक्षण नहीं करने पर कार्रवाई

आंगनबाड़ी केंद्र की निरीक्षण पंजी की जांच में परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा सुपरवाइजर द्वारा लंबे समय से निरीक्षण नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर संभागायुक्त ने संबंधित सीडीपीओ और सुपरवाइजर की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, पोषण आहार वितरण और विभागीय गतिविधियों की निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ और सुपरवाइजर को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सिलौंड़ी स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से सीधे लिया फीडबैक

संभागायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौंड़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में सीधे जानकारी ली। मेडिकल ऑफिसर से दवाइयों एवं उपकरणों की स्थिति पूछने के साथ संबंधित अभिलेख और पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

क्षेत्र भ्रमण के बाद उप तहसील कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में संभागायुक्त शामिल हुए। यहां कलेक्टर आशीष तिवारी ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में 6 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।

अभियान के दौरान बिजली आपूर्ति एवं वोल्टेज, पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाओं, हैंडपंप मरम्मत और प्रसूति सहायता सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

जबलपुर संभाग में 41 हजार से ज्यादा शिकायतों का निराकरण

अधिकारियों के अनुसार जबलपुर संभाग में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अब तक 41 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। कटनी जिले में भी संभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण और मॉनिटरिंग के माध्यम से शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया जा रहा है।

बिजली, नामांतरण से लेकर खाद तक—हर मुद्दे पर हुई सीधी बात

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल, स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नल-जल योजनाओं, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य सुविधाओं, राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और खाद वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई।

हल्का गांव के किसानों ने सिलौंड़ी सोसायटी से समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत रखी। संभागायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त संचालक कृषि को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

‘लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई’—संभागायुक्त का स्पष्ट संदेश

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगातार क्षेत्र में भ्रमण करें और लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसंवाद में संभागायुक्त, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला पंचायत सदस्य कविता राय, अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button