झमाझम बारिश के बीच तिरंगे के साथ उमड़ा देशभक्ति का सैलाब देशप्रेमियों के हौसलों के आगे बारिश ने भी टेके घुटने, हजारों लोगों ने कदम से कदम मिलाकर निकाली भव्य तिरंगा यात्रा,खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, शहर में गूंजे ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष
कलयुग की कलम से राकेश यादव

झमाझम बारिश के बीच तिरंगे के साथ उमड़ा देशभक्ति का सैलाब देशप्रेमियों के हौसलों के आगे बारिश ने भी टेके घुटने, हजारों लोगों ने कदम से कदम मिलाकर निकाली भव्य तिरंगा यात्रा,खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, शहर में गूंजे ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष
कलयुग की कलम कटनी – हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कटनी शहर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। झमाझम बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच भी देशप्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शासकीय कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के जोश के आगे बारिश भी बेअसर नजर आई।
खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने तिरंगा पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा शुरू होते ही पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। तिरंगे की शान में उमड़ा जनसमूह देखते ही देखते शहर की सड़कों पर देशभक्ति का संदेश लेकर आगे बढ़ने लगा।
तिरंगे की छांव में साथ चले जनप्रतिनिधि और अधिकारी
तिरंगा यात्रा में विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, प्रदेश भाजपा महामंत्री राहुल कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।
शहर की सड़कों पर गूंजा भारत माता का जयघोष
फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा-कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची।
यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। बारिश की फुहारों के बीच हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और अमर शहीदों के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। बैंड-बाजों की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया।
बारिश नहीं रोक सकी देशभक्ति के कदम
तिरंगा यात्रा की सबसे खास बात लोगों का अदम्य उत्साह रहा। बारिश लगातार होती रही, लेकिन तिरंगा थामे लोगों के कदम नहीं रुके। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक सभी ने पूरे जोश के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा ने शहरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा के वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचने पर इसका समापन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। हजारों लोगों की सामूहिक आवाज से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से भर गया।
बारिश के बीच निकली इस विशाल तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि देशभक्ति का जज्बा मौसम का मोहताज नहीं होता। कटनी में तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब लंबे समय तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।



