जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा खंडहरनुमा कमरे में चल रहा आधार सेंटर, खतरे के साये में आमजन,जर्जर छत से झड़ रहा प्लास्टर, बच्चों-महिलाओं सहित सैकड़ों लोग रोज पहुंच रहे केंद्र
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा खंडहरनुमा कमरे में चल रहा आधार सेंटर, खतरे के साये में आमजन,जर्जर छत से झड़ रहा प्लास्टर, बच्चों-महिलाओं सहित सैकड़ों लोग रोज पहुंच रहे केंद्र
कलयुग की कलम उमरिया पान – जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा परिसर में संचालित आधार सेंटर इन दिनों अव्यवस्थाओं और बदहाल व्यवस्था का प्रतीक बना हुआ है। आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, त्रुटि सुधार एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचने वाले लोगों ने केंद्र की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि जिस कमरे में आधार सेंटर संचालित हो रहा है, वह पूरी तरह खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार केंद्र के अंदर की छत कई जगहों से उखड़ चुकी है तथा लगातार प्लास्टर झड़ रहा है। केंद्र में मौजूद कर्मचारी और आधार अपडेट कराने आने वाले नागरिक हर समय भय के माहौल में बैठने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि कमरे की हालत इतनी खराब है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी भी समय छत का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर सकता है।
आधार सेंटर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। आने वाले दिनों में स्कूल खुलने के बाद बच्चों के आधार अपडेट और सुधार कार्यों में और अधिक भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में जर्जर भवन में केंद्र का संचालन गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आधार सेंटर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। हालांकि जनपद पंचायत की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आधार सेंटर को नई और सुरक्षित जगह पर संचालित किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आधार जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।



