ढीमरखेड़ा सहित ग्रामीण अंचलों में पेयजल संकट पर प्रशासन अलर्ट,कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर कंट्रोल रूम स्थापित, शिकायत मिलते ही होगा तत्काल समाधान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा सहित ग्रामीण अंचलों में पेयजल संकट पर प्रशासन अलर्ट,कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर कंट्रोल रूम स्थापित, शिकायत मिलते ही होगा तत्काल समाधान
कलयुग की कलम उमरिया पान – भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले सहित ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद, रीठी, कटनी, बड़वारा और विजयराघवगढ़ क्षेत्र में पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला एवं उपखंड स्तर पर विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07622-225752 जारी किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल पंजीयन कर संबंधित सहायक यंत्री और उपयंत्री को निराकरण के निर्देश दिए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होने वाले कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है।
ढीमरखेड़ा एवं बहोरीबंद क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए सहायक यंत्री मोहित तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपयंत्री ओपी गुप्ता और विकासखंड समन्वयक सत्यप्रकाश हल्दकार को भी क्षेत्र में सक्रिय रहकर खराब हैंडपंपों और जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि पेयजल संकट, हैंडपंप खराब होने या जल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।



