समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त एक्शन अधूरी तैयारी और लापरवाही पर तीन अधिकारियों को नोटिस, पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा—बैठक में अद्यतन जानकारी के साथ समय पर पहुंचें अधिकारी, काम में ढिलाई अब नहीं होगी स्वीकार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त एक्शन अधूरी तैयारी और लापरवाही पर तीन अधिकारियों को नोटिस, पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा—बैठक में अद्यतन जानकारी के साथ समय पर पहुंचें अधिकारी, काम में ढिलाई अब नहीं होगी स्वीकार
कलयुग की कलम कटनी – जिले में प्रशासनिक कामकाज को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने एक बार फिर अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में देरी, लापरवाही और अधूरी तैयारी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। समय-सीमा की बैठक में विभागवार योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने तथा सौंपे गए कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होने और अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग, मंडी सचिव तथा बीईओ रीठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा की बैठक महज औपचारिकता नहीं है। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति और विभागीय कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी आवश्यक है।
फौती नामांतरण में देरी पर पटवारी पर कार्रवाई
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान फौती नामांतरण का प्रकरण समय पर निराकृत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने तहसील बरही में पदस्थ पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
नायब तहसीलदार सिलौड़ी को सिलौड़ी बस स्टैंड से अवैध कब्जा हटवाकर शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा तहसीलदारों को फार्मर आईडी बनाने के काम में तेजी लाने की हिदायत दी गई।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को एक माह के भीतर फसल गिरदावरी पूरी करने के निर्देश दिए। डिजिटाइजेशन कार्य की धीमी प्रगति पर स्लीमनाबाद और विजयराघवगढ़ तहसीलदारों के प्रति नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने को कहा।
अवैध उत्खनन पर चलेगा अभियान
जिले में अवैध उत्खनन के मामलों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने विशेष रूप से कन्हवारा क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन के विरुद्ध खनिज विभाग को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध उत्खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
ओवरब्रिज पर निकली सरिया की तत्काल मरम्मत के निर्देश
बरगवां से जगन्नाथ चौक तक ओवरब्रिज मार्ग पर बाहर निकली सरिया को लेकर भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सेतु के अधिकारियों को मार्ग का आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि मरम्मत को लेकर अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण सेतु से भी चर्चा की जा चुकी है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर विशेष निगरानी
बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, कृषि, लोक निर्माण, खनिज, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका परीक्षण करने और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं विवाह पंजीयन से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा हुई। संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की जिम्मेदारी दी गई।
तहसील मुख्यालयों पर पक्के हेलीपैड की प्रगति की समीक्षा
सभी तहसील मुख्यालयों में पक्के हेलीपैड निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार झिंझरी कटनी, बड़वारा, स्लीमनाबाद और बरही में हेलीपैड का निर्माण पूरा हो चुका है। जबकि रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को शेष कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और टीबी अभियान पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं एएनसी जांच की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एनीमिया से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति भी जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सिलौड़ी अस्पताल में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश सीएमएचओ को दिए, ताकि निर्धारित दिनों में क्षेत्रवासियों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके।
महिला-बाल विकास और स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना और 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली गई। विजयराघवगढ़ सीडीपीओ को पात्र हितग्राहियों के नए जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की स्वरोजगार एवं आर्थिक कल्याण योजनाओं के लक्ष्य और लंबित प्रकरणों की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करते हुए लक्ष्य समय पर पूरा करने को कहा। नगर निगम उपायुक्त को सर्वे कराकर पीएम स्वनिधि योजना के लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा, सभी एसडीएम सहित सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन कुरील, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक मेजरस किंडो, जिला पंजीयक पंकज कोरी, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



