प्रशासनमध्यप्रदेश

घर-घर पहुंचे कलेक्टर: बोले— जनगणना में एक भी गलती नहीं चलेगी, हर जानकारी हो पूरी तरह सटीक“स्मार्ट वर्किंग” के साथ करें काम, कोई परिवार गणना से न छूटे,कलेक्टर ने खुद मोबाइल ऐप पर दर्ज की 34 बिंदुओं की जानकारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

घर-घर पहुंचे कलेक्टर: बोले— जनगणना में एक भी गलती नहीं चलेगी, हर जानकारी हो पूरी तरह सटीक“स्मार्ट वर्किंग” के साथ करें काम, कोई परिवार गणना से न छूटे,कलेक्टर ने खुद मोबाइल ऐप पर दर्ज की 34 बिंदुओं की जानकारी

कलयुग की कलम कटनी — जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की जमीनी हकीकत परखने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी गुरुवार को विजयराघवगढ़ और बरही क्षेत्र के औचक भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में “स्मार्ट वर्किंग” अपनाई जाए और डेटा संकलन शत-प्रतिशत त्रुटिरहित हो।

कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का कार्य नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं और विकास का आधार है। इसलिए किसी भी घर, परिवार या व्यक्ति की जानकारी छूटनी नहीं चाहिए तथा मोबाइल ऐप में हर प्रविष्टि पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ दर्ज की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता भी मौजूद रहे।

बाजार में पहुंचकर प्रगणकों से पूछी प्रगति

देवराकला बाजार पहुंचकर कलेक्टर ने प्रगणक दुलीचंद पाल, कमलेश बर्मन और जितेन्द्र बड़गैया से मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य समय-सीमा में पूरा किया जाए और डेटा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग और सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए, ताकि हर स्तर पर कार्य की निगरानी बनी रहे।

कलेक्टर ने खुद संभाला मोबाइल ऐप

देवराकला में रामबहोरी कुशवाह के मकान सूचीकरण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वयं मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी दर्ज कर कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणक अर्चना गौतम से सर्वे प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए 34 बिंदुओं से संबंधित जानकारी ऑनलाइन भरवाई और ऐप आधारित सर्वेक्षण प्रणाली को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से हो रहा यह सर्वे भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक जानकारी को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ दर्ज किया जाए।

30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण अभियान

उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर पहुंचकर “Census 2027-HLO” मोबाइल एप के माध्यम से निर्धारित 34 बिंदुओं की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button