मानवता की मिसाल: उमरियापान पुलिस ने 95 वर्षीय बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुंचाया, संवेदनशीलता से जीता लोगों का दिल,मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग को सड़क पर भटकते देख पुलिस ने दिखाई तत्परता, जलपान कराकर परिवार से मिलवाया
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मानवता की मिसाल: उमरियापान पुलिस ने 95 वर्षीय बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुंचाया, संवेदनशीलता से जीता लोगों का दिल,मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग को सड़क पर भटकते देख पुलिस ने दिखाई तत्परता, जलपान कराकर परिवार से मिलवाया
कलयुग की कलम उमरिया पान – पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है। थाना उमरियापान पुलिस ने सड़क पर भटक रहे 95 वर्षीय बुजुर्ग की न केवल समय रहते मदद की, बल्कि उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाकर संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण भी पेश किया।
शनिवार 27 जून 2026 को थाना उमरियापान पुलिस की नजर एक वृद्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो तेज धूप में पसीने से लथपथ, हाथ में लाठी लिए पैदल अपने गांव बरौदा की ओर जा रहे थे। बुजुर्ग की उम्र और शारीरिक स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने तुरंत उन्हें रोका और स्नेहपूर्वक डायल-112 वाहन में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर लाया।
पुलिस ने बुजुर्ग को पहले पानी और जलपान उपलब्ध कराया तथा उनका नाम-पता पूछकर परिजनों से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद उन्हें सकुशल उनके निवास ग्राम बरौदा पहुंचाया गया।
परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि रामचरण बर्मन (95 वर्ष) पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और कई बार बिना बताए घर से निकल जाते हैं, जिससे परिवार लगातार उनकी चिंता में रहता है। बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुंचते देख परिजनों ने उमरियापान पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस मानवीय कार्य में थाना प्रभारी महेन्द्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया तथा डायल-112 के पायलट इन्द्रराज पौराणिक की सराहनीय भूमिका रही। उनकी संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक बुजुर्ग सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सके।
यह घटना दर्शाती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति अपनी मानवीय जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है। उमरियापान पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।



