मध्यप्रदेशराजनीति

कांग्रेस विधायक पर दर्ज हुई एफआईआर, बीजेपी के मंंत्री पर चार लोगों की हत्या कराने का लगाया था आरोप

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए राजनैतिक घमासान जारी है। प्रदेश में पहले चरण में 19 अप्रेल को वोटिंग के साथ लोकसभा के लिए चुनाव प्रकिया शुरु होगी। प्रदेश की सभी 29 सीटों के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। बीजेपी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के लिए राहुल गांधी की सभाएं हो रहीं हैं। इस बीच कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। बीजेपी के मंंत्री पर चार लोगों की हत्या कराने का आरोप विक्रांत भूरिया को महंगा पड़ा है। विक्रांत भूरिया ने एक दिन पहले ही मध्यप्रदेश के युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ा है।

विक्रांत भूरिया झाबुआ से विधायक

कांग्रेस के विक्रांत भूरिया झाबुआ से विधायक हैं। उनपर पुलिस ने लोकसभा चुनाव 2024 की आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। विक्रांत भूरिया ने बीजेपी के मंत्री नागरसिंह चौहान पर चार लोगों की हत्या कराने का आरोप लगाया था जिसमें वे अब फंस गए लगते हैं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में विधायक विक्रांत भूरिया के पिता कांग्रेस के दिग्गज नेता कांतिलाल भूरिया रतलाम झाबुआ सीट से प्रत्याशी हैं। अपने पिता के चुनाव से पहले विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भूरिया के खिलाफ पुलिस ने अब FIR दर्ज की है।
प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान के खिलाफ विवादित बयान को लेकर उनपर यह केस दर्ज किया गया है। विक्रांत भूरिया ने 7 अप्रैल को एक बैठक में मंत्री नागरसिंह चौहान को डकैत और हत्यारा बताया था। इस पर उनके खिलाफ अलीराजपुर थाना में धारा 188 के तहत आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बैठक में झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया ने वनमंत्री नागर सिंह चौहान की चंबल के डकैतों से तुलना कर दी थी। इतना ही नहीं, मंत्री के परिवार पर 4 लोगों की हत्या करवाने के भी आरोप लगाये थे। नागरसिंह की पत्नी अनिता चौहान रतलाम झाबुआ लोकसभा सीट से बीजेपी की प्रत्याशी हैं।

Related Articles

Back to top button