एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

मौसम की बेरुखी ने किसानों की कमर तोड़ी! खेतों में कटी धान और पड़े बोझों पर मंडराया बारिश का खतरा, सालभर की मेहनत पर फिरा पानी,कहीं खेतों में कटी पड़ी है धान, कहीं बोझे खुले आसमान के नीचे; कम बारिश से पहले ही 60 प्रतिशत तक फसल प्रभावित, अब बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मौसम की बेरुखी ने किसानों की कमर तोड़ी! खेतों में कटी धान और पड़े बोझों पर मंडराया बारिश का खतरा, सालभर की मेहनत पर फिरा पानी,कहीं खेतों में कटी पड़ी है धान, कहीं बोझे खुले आसमान के नीचे; कम बारिश से पहले ही 60 प्रतिशत तक फसल प्रभावित, अब बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

कटनी/म.प्र

कलयुग की कलम उमरिया पान – मौसम के अचानक बिगड़े मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर फुहारें पड़ती रहीं। शाम होते-होते कुछ स्थानों पर बारिश का दौर भी देखने को मिला। मौसम के इस बदले रुख ने खेतों में खड़ी और कटाई के बाद खुले आसमान के नीचे पड़ी धान की फसल को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।

क्षेत्र में कहीं किसानों की धान कटकर खेतों में पड़ी हुई है, तो कहीं फसल के बोझे बनाकर रखे गए हैं। कुछ किसान हार्वेस्टर से धान की कटाई के साथ अगली फसल चना , गेहूं की तैयारी में जुटे हुए थे। ऐसे समय में मौसम की बेरुखी ने किसानों की पूरी कृषि व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। किसानों को डर है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो कटी हुई धान भीगकर खराब हो सकती है। इससे उपज की गुणवत्ता और बाजार में मिलने वाले भाव पर भी असर पड़ने की आशंका है।

कम बारिश ने पहले ही तोड़ दी किसानों की उम्मीद

इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र के अनेक किसानों की धान की फसल पहले ही बुरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों के अनुसार कई खेतों में लगभग 60 प्रतिशत तक धान की फसल खराब हो चुकी है। समय पर पानी नहीं मिलने से धान की बढ़वार और बालियों के विकास पर असर पड़ा। कहीं फसल सूखने लगी तो कहीं अपेक्षित उत्पादन नहीं मिल पाया। कम बारिश के चलते किसानों को पहले ही भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब फसल कटाई के समय मौसम की मार ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

महंगाई की मार के बाद मौसम की दोहरी चोट

खेती अब किसानों के लिए आसान नहीं रह गई है। खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक और मजदूरी की लगातार बढ़ती लागत ने पहले ही किसानों का बजट बिगाड़ रखा है। दिन-रात मेहनत करने और खेतों में हजारों रुपये लगाने के बाद जब फसल घर लाने का समय आता है, तब मौसम की अनिश्चितता उनकी मेहनत पर पानी फेरने को तैयार खड़ी है।

सबसे ज्यादा चिंता उन किसानों की है, जो सिकमी यानी दूसरे की जमीन लेकर खेती करते हैं। ऐसे किसानों को जमीन का किराया देने के साथ खाद, बीज, जुताई, सिंचाई और मजदूरी का पूरा खर्च स्वयं उठाना पड़ता है। यदि फसल में नुकसान होता है तो उनकी पूंजी डूबने के साथ कर्ज और आर्थिक जिम्मेदारियों का बोझ भी बढ़ जाता है। ऐसे में मौसम की मार उनके लिए और अधिक पीड़ादायक साबित हो रही है।

किसानों को सताने लगी फसल बचाने की चिंता

किसानों का कहना है कि एक तरफ कम बारिश ने उत्पादन घटा दिया और दूसरी तरफ कटाई के समय बिगड़े मौसम ने उपज को सुरक्षित घर पहुंचाने की चिंता खड़ी कर दी है। खेतों में कटी पड़ी धान और खुले में रखे बोझों को सुरक्षित करना किसानों के लिए चुनौती बन गया है। यदि आगामी दिनों में भी बारिश होती है तो धान में नमी बढ़ने, दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने और उपज खराब होने का खतरा बना रहेगा।

अब किसानों की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि मौसम जल्द साफ होगा, ताकि वे अपनी मेहनत से तैयार हुई फसल को सुरक्षित समेटकर घर ला सकें। जरूरत है कि कृषि विभाग भी प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर किसानों को फसल सुरक्षा और संभावित नुकसान के संबंध में उचित मार्गदर्शन दे।

सवाल यही है कि आखिर किसान कब तक प्रकृति की मार और बढ़ती लागत के बीच अपनी खेती बचाने की जद्दोजहद करता रहेगा? सालभर खेतों में पसीना बहाने वाले अन्नदाता के लिए उसकी फसल ही सबसे बड़ी पूंजी है, लेकिन जब उसी पूंजी पर मौसम की मार पड़ती है तो उसकी मेहनत, उम्मीद और आर्थिक भविष्य तीनों संकट में आ जाते हैं।

Related Articles

Back to top button