प्रशासनमध्यप्रदेश

गांव-गांव में जल संरक्षण की मुहिम होगी तेज! कटनी में 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य, जनभागीदारी से बदलेगी गांवों की तस्वीर,नवांकुर संस्थाओं को मिला जिम्मा, 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलेगा जल संचय अभियान; शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति पर भी दिया गया जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांव-गांव में जल संरक्षण की मुहिम होगी तेज! कटनी में 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य, जनभागीदारी से बदलेगी गांवों की तस्वीर,नवांकुर संस्थाओं को मिला जिम्मा, 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलेगा जल संचय अभियान; शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति पर भी दिया गया जोर

कलयुग की कलम कटनी– गांवों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास की गतिविधियों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद ने जिले में विशेष कार्ययोजना तैयार की है। जल संचय अभियान के तहत जनसहयोग से जिले में 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने में नवांकुर संस्थाओं और प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) के तत्वावधान में सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिले की सभी नवांकुर संस्थाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल, जबलपुर संभाग समन्वयक रवि बर्मन, आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कांबले तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक प्रबंधक अजय पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

200 बोरी बंधान बनाकर सहेजेंगे बारिश का पानी

बैठक में जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल ने नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि जल संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टरवार और ग्रामवार कार्ययोजना तैयार की गई है। जनभागीदारी से जिले में निर्धारित मापदंडों के अनुसार 200 जल संरचनाओं यानी बोरी बंधानों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने सभी संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने की अपील की।

योजनाओं के क्रियान्वयन में बढ़ाएं जनभागीदारी

डॉ. केशवाल ने प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय करने, स्थानीय समस्याओं के समाधान, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, नवांकुर सखी गतिविधियों, आदर्श ग्रामों में संस्कार केंद्रों के संचालन, नर्सरी निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति अभियान की समीक्षा की। उन्होंने संस्थाओं को अपने कार्यों का नियमित प्रतिवेदन तैयार करने, एमआईएस पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर जमा करने के निर्देश दिए।

गांवों में संस्कार केंद्र और सामाजिक जागरूकता पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राओं की चयनित प्रयोगशाला ग्रामों में संचालित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। डॉ. केशवाल ने कहा कि ग्राम विकास, सामाजिक जागरूकता और शासकीय योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए संस्थाओं, समितियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्रा ने नवांकुर संस्थाओं के संस्कार केंद्रों में संचालित होने वाली गतिविधियों का मूलभूत प्रशिक्षण भी दिया।

नवाचार के साथ गांवों में करें काम

जबलपुर संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने परिषद की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने सेक्टर स्तर और प्रस्फुटन ग्रामों में संस्थाओं की गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार के लिए मार्गदर्शन दिया।

परिषद के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल ने कहा कि नवांकुर संस्थाएं और प्रस्फुटन समितियां आपसी समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ें। ग्राम और सेक्टर स्तर पर नए नवाचार अपनाकर जनजागरूकता के कार्यों को प्रभावी बनाया जाए।

आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कांबले ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साह और सक्रियता बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कम रुचि वाली गतिविधियों को भी रोचक एवं प्रेरणादायक तरीके से संचालित कर समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के सुझाव दिए।

Related Articles

Back to top button