प्रशासनमध्यप्रदेश

बेटे की फर्म को 16.20 लाख का लाभ पहुंचाना सरपंच को पड़ा भारी, पद से हटाए गए अरविंद साहू; छह साल तक चुनाव लड़ने पर रोक! पनसोखर पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं पर जिला पंचायत सीईओ का बड़ा एक्शन, तत्कालीन सचिव रीना साहू और वर्तमान सचिव उत्तम सिंह की भी रोकी गई एक-एक वेतनवृद्धि; गणेश साहू की शिकायत पर जांच के बाद हुई कार्रवाई

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बेटे की फर्म को 16.20 लाख का लाभ पहुंचाना सरपंच को पड़ा भारी, पद से हटाए गए अरविंद साहू; छह साल तक चुनाव लड़ने पर रोक! पनसोखर पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं पर जिला पंचायत सीईओ का बड़ा एक्शन, तत्कालीन सचिव रीना साहू और वर्तमान सचिव उत्तम सिंह की भी रोकी गई एक-एक वेतनवृद्धि; गणेश साहू की शिकायत पर जांच के बाद हुई कार्रवाई

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत में विकास कार्यों के लिए आने वाली सरकारी राशि का उपयोग निजी और पारिवारिक हितों को साधने में करना ग्राम पंचायत पनसोखर के सरपंच अरविंद साहू को भारी पड़ गया। जनपद पंचायत बड़वारा की इस ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग के मामले में जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच अरविंद साहू को पद से पृथक कर दिया है। साथ ही उन्हें छह वर्ष की अवधि के लिए निरर्हित घोषित किया गया है। यानी इस अवधि में वे पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य रहेंगे।

मामले में कार्रवाई का आधार सरपंच द्वारा अपने पुत्र अतुल साहू के नाम से संचालित सिद्ध ट्रेडर्स को कथित तौर पर नियम विरुद्ध आर्थिक लाभ पहुंचाना और पंचायत के निर्माण कार्यों में वित्तीय अनियमितताएं पाया जाना है। प्रकरण के अनुसार फर्म को 72 हजार 860 रुपये और 15 लाख 47 हजार 780 रुपये, इस प्रकार कुल 16 लाख 20 हजार 640 रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया। प्रशासन ने उपलब्ध साक्ष्यों और जांच प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 89 एवं 40 के तहत कार्रवाई की है।

शिकायत से शुरू हुई जांच, सरपंच की कुर्सी तक पहुंची कार्रवाई

ग्राम पंचायत पनसोखर निवासी शिकायतकर्ता गणेश साहू द्वारा पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर जनपद पंचायत बड़वारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्रतिवेदन प्राप्त कर प्रकरण की जांच की गई। जांच के दौरान सरपंच और संबंधित सचिवों का पक्ष भी सुना गया तथा उन्हें अपना बचाव प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।

प्राप्त दस्तावेजों, जांच प्रतिवेदन और संबंधित पक्षों के जवाबों का परीक्षण करने के बाद जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने सरपंच को पद से पृथक करने और छह वर्ष के लिए निरर्हित घोषित करने का आदेश जारी किया।

दो सचिवों पर भी गिरी कार्रवाई की गाज

इस पूरे प्रकरण में प्रशासन ने केवल सरपंच की जवाबदेही तय नहीं की, बल्कि पंचायत के सचिवों पर भी विभागीय कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत पनसोखर की तत्कालीन सचिव रीना साहू और वर्तमान सचिव उत्तम सिंह की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। इससे स्पष्ट है कि वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के मामलों में संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है।

मंगल भवन की 60 हजार रुपये की बकाया राशि के भुगतान के निर्देश

कार्रवाई के साथ ही पंचायत के मंगल भवन निर्माण से संबंधित 60 हजार रुपये की बकाया राशि का मामला भी सामने आया है। जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत बड़वारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया है कि सामग्री प्रदाता को नियमानुसार बकाया राशि का भुगतान कराने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पंचायतों में सरकारी धन के दुरुपयोग पर प्रशासन का स्पष्ट संदेश

पनसोखर पंचायत में हुई यह कार्रवाई जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के लिए भी जवाबदेही का संदेश है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंचायतों को मिलने वाली शासकीय राशि जनता की अमानत है। इसका उपयोग निर्धारित नियमों और जनहित के अनुरूप होना चाहिए। पद और अधिकारों का इस्तेमाल निजी अथवा पारिवारिक हितों को लाभ पहुंचाने के लिए किए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सरपंच को पद से पृथक करने, छह वर्ष के लिए निरर्हित घोषित करने और दोनों सचिवों की वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई ने पंचायतों में वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है।

Related Articles

Back to top button