प्रशासनमध्यप्रदेश

जन-विश्वास शिविर 30 अक्टूबर को ढीमरखेड़ा में, शिकायतों के निराकरण पर रहेगा जोर,24 पंचायतों के नागरिकों को मिलेगा मौका, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के लंबित मामलों के समाधान के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन-विश्वास शिविर 30 अक्टूबर को ढीमरखेड़ा में, शिकायतों के निराकरण पर रहेगा जोर,24 पंचायतों के नागरिकों को मिलेगा मौका, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के लंबित मामलों के समाधान के निर्देश

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 24 पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

शिविर में दशरमन क्लस्टर की दशरमन, गोपालपुर, मुरवारी, खाम्हा, अंतर्वेद, परसेल, सनकुई, देवरीबिछिया, लालपुर, बरही, पिपरियाशुक्ल, घुघरा और घुघरी पंचायतों के साथ ढीमरखेड़ा क्लस्टर की संबंधित पंचायतों के नागरिक शामिल होंगे।

लंबित शिकायतों का होगा निराकरण

अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को शिविर से पहले अधिकतम शिकायतों का समाधान करने तथा शेष मामलों का मौके पर निराकरण करने को कहा गया है। तत्काल समाधान संभव नहीं होने पर प्रकरणों के निराकरण की समय-सीमा तय कर आवेदकों को जानकारी दी जाएगी।

हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंच रहे अधिकारी

अभियान के तहत अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार मैदानी भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button