दो साल बाद एमपी में कांग्रेस सरकार का दावा, पटवारी बोले—प्रदेश में बदलाव की लहर,बरही की जन आक्रोश सभा में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उमंग सिंघार, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दो साल बाद एमपी में कांग्रेस सरकार का दावा, पटवारी बोले—प्रदेश में बदलाव की लहर,बरही की जन आक्रोश सभा में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उमंग सिंघार, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना
कलयुग की कलम कटनी/बरही – मध्य प्रदेश में अगले दो साल के भीतर कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। बरही में आयोजित जन आक्रोश सभा में शामिल होने पहुंचे पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी उनके साथ मौजूद रहे।
बरही पहुंचने पर दोनों नेताओं ने विजयनाथधाम मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में पटवारी ने लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया और प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए।
लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर आरोप
पटवारी ने कहा कि देश की आजादी के लिए महापुरुषों ने बलिदान दिया। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान दिया और कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी का मुद्दा उठाया।
मोहन यादव सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर हमला बोलते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार में समन्वय की कमी है और मंत्रियों के बीच भी तालमेल नहीं है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की वापसी का भरोसा जताते हुए कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
सभा और पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला प्रभारी मनु मिश्रा, नीरज सिंह बघेल, संदीप बाजपेयी, विधायक फुंदेलाल मार्को सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



