सार्थक ऐप से ही लगेगी हाजिरी, अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति पर कलेक्टर की सख्ती,स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने दिए स्पष्ट निर्देश, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सार्थक ऐप से ही लगेगी हाजिरी, अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति पर कलेक्टर की सख्ती,स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने दिए स्पष्ट निर्देश, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
सार्थक ऐप से ही दर्ज होगी उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल में पदस्थ सभी डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से ही दर्ज करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की नियमित और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बिना अनावश्यक परेशानी के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
मरीजों को समय पर मिले बेहतर उपचार
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को पर्याप्त सुविधाएं और समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपचार के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों के हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



