धर्म सागर तालाब पड़ुआ अब 10 साल के पट्टे पर होगा मत्स्य पालन! मछुआ सहकारी समितियों और स्व-सहायता समूहों से मांगे आवेदन, 15 सितंबर तक जनपद पंचायत कटनी में जमा होंगे फॉर्म
कलयुग की कलम से राकेश यादव

धर्म सागर तालाब पड़ुआ अब 10 साल के पट्टे पर होगा मत्स्य पालन! मछुआ सहकारी समितियों और स्व-सहायता समूहों से मांगे आवेदन, 15 सितंबर तक जनपद पंचायत कटनी में जमा होंगे फॉर्म
कलयुग की कलम कटनी – जनपद पंचायत कटनी के अंतर्गत आने वाले धर्म सागर तालाब पड़ुआ सिंचाई जलाशय को मत्स्य पालन के लिए 10 वर्षीय पट्टे पर दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक मछुआ सहकारी समितियां एवं पात्र स्व-सहायता समूह 15 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन जनपद पंचायत कटनी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार मध्यप्रदेश शासन के मत्स्य विभाग द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के तहत इस जलाशय को 1 अक्टूबर 2026 से 10 वर्ष की अवधि के लिए मत्स्य पालन हेतु पट्टे पर दिए जाने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जलाशय का औसत जल क्षेत्र 13.26 हेक्टेयर है।
इन वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगा अवसर
जलाशय आवंटन के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकता क्रम में जलाशय क्षेत्र की वंशानुगत मछुआ, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग की मछुआ सहकारी समितियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यदि संबंधित प्राथमिकता क्रम में पंजीकृत मछुआ सहकारी समिति उपलब्ध नहीं होती है, तो इसी क्रम के अनुसार स्व-सहायता समूहों को जलाशय आवंटित किया जा सकेगा। हालांकि, ऐसे स्व-सहायता समूहों के लिए एक वर्ष के भीतर मछुआ सहकारी समिति के रूप में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
15 सितंबर तक जमा करें आवेदन
धर्म सागर तालाब पड़ुआ के लिए इच्छुक पात्र मछुआ सहकारी समितियां एवं स्व-सहायता समूह अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप एवं नियमों के अनुसार पूर्ण कर 15 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में जनपद पंचायत कटनी कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
जलाशय को पट्टे पर दिए जाने से संबंधित शासन की नवीन नीति एवं दिशा-निर्देशों का अवलोकन भी जनपद पंचायत कटनी कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान किया जा सकता है।
एक नजर में
जलाशय: धर्म सागर तालाब पड़ुआ
औसत जल क्षेत्र: 13.26 हेक्टेयर
पट्टा अवधि: 10 वर्ष
पट्टा प्रारंभ: 1 अक्टूबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 15 सितंबर 2026
आवेदन स्थल: जनपद पंचायत कटनी कार्यालय
प्राथमिकता: पात्र मछुआ सहकारी समितियां एवं नियमानुसार स्व-सहायता समूह



