प्रशासनमध्यप्रदेश

24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार,ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, मुख्य आरोपी फरार—तलाश जारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार,ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, मुख्य आरोपी फरार—तलाश जारी

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – मोटरसाइकिल चोरी के मामले में ढीमरखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी गई बाइक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मामले का मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी के इस मामले का खुलासा किया।

बरामदे में खड़ी बाइक रातोंरात गायब

पुलिस के अनुसार ग्राम महगंवा निवासी प्रताप सिंह गोंड ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच उसके घर के बरामदे में खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 ZJ 2313 चोरी हो गई। बाइक की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 480/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में खुली चोरी की कड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही सनत यादव पिता दलवीर यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी करौदा, थाना उमरिया से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने बताया कि उसका रिश्ते में बहनोई रास्ते सिंह पिता फागू सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी महगंवा, थाना ढीमरखेड़ा एक काले-नीले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल लेकर आया था। उसने बाइक चोरी की होने की बात बताते हुए उसे बेचने की जानकारी दी थी।

पुलिस ने सनत यादव के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में मुख्य आरोपी रास्ते सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश देकर पतासाजी कर रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, आरक्षक रंजीत सिंह एवं आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई बाइक की शीघ्र बरामदगी संभव हो सकी।

Related Articles

Back to top button