आस्थामध्यप्रदेश

नागपंचमी पर आज उमरियापान में गूंजेगा चौरसिया समाज का उत्सव,नागबेल की पूजा से लेकर नगर भ्रमण तक होंगे आयोजन, नवयुवक मंडल के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

नागपंचमी पर आज उमरियापान में गूंजेगा चौरसिया समाज का उत्सव,नागबेल की पूजा से लेकर नगर भ्रमण तक होंगे आयोजन, नवयुवक मंडल के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान

कलयुग की कलम उमरिया पान – नागपंचमी पर्व को लेकर उमरियापान में चौरसिया समाज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समाज द्वारा नागपंचमी को पारंपरिक आस्था, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ चौरसिया दिवस के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज की बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

नागपंचमी के अवसर पर चौरसिया समाज के लोग अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पर्व में सहभागिता करेंगे। सुबह किसान अपने-अपने पान बरेजों में पहुंचकर नागबेल को दूध अर्पित करेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान अच्छी फसल, पान की खेती की समृद्धि और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी।

पूजा-अर्चना के बाद समाज के सभी सदस्य मंगल भवन में एकत्रित होंगे, जहां से दिनभर के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। नवयुवक मंडल के तत्वावधान में मंगल भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान से समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इसके पश्चात शाम के समय समाजजन ढोल-नगाड़ों के साथ नगर भ्रमण करते हुए विशाल शोभायत्रा निकाल कर चिहुटिया महाराज के चबूतरे में एकत्रित होंगे। पारंपरिक उल्लास के साथ नगर भ्रमण करते हुए सभी लोग उमरियापान-ढीमरखेड़ा मार्ग स्थित नर्मदा नहर के पास चिहुटिया महाराज के स्थान पर पहुंचेंगे। यहां विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज, क्षेत्र और परिवारों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाएगी।

आयोजन को लेकर चौरसिया समाज में खासा उत्साह है। समाजजनों का कहना है कि नागपंचमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। आयोजन में समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button