15 अगस्त से पहले कटनी में देशभक्ति का जोश, पुलिस मैदान में गूंजा परेड का जयघोष,झिंझरी पुलिस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल; अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने ली परेड की सलामी, कलेक्टर आशीष तिवारी करेंगे मुख्य समारोह में ध्वजारोहण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

15 अगस्त से पहले कटनी में देशभक्ति का जोश, पुलिस मैदान में गूंजा परेड का जयघोष,झिंझरी पुलिस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल; अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने ली परेड की सलामी, कलेक्टर आशीष तिवारी करेंगे मुख्य समारोह में ध्वजारोहण
कलयुग की कलम कटनी – स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर कटनी जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 अगस्त को झिंझरी स्थित पुलिस मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह से पहले गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल कर व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास किया गया। रिहर्सल के दौरान पुलिस मैदान देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।
मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसी क्रम में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
सशस्त्र बल के हर्ष फायर से गूंजा पुलिस मैदान
रिहर्सल के दौरान सशस्त्र बल द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसके बाद विभिन्न दलों ने अनुशासित एवं शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत करते हुए अतिथि को सलामी दी। जिला पुलिस बल, जिला पुलिस बल महिला, वन विभाग, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड के दलों ने परेड में हिस्सा लिया।
परेड के उपरांत अधिकारियों ने विभिन्न दलों के प्रमुखों का परिचय प्राप्त किया। जवानों और विद्यार्थियों ने कदमताल एवं अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रिहर्सल
फुल ड्रेस रिहर्सल में परेड के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना दिखाई दी। कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिहर्सल के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। परेड की तैयारियों से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कार्यक्रम के संचालन तक सभी आवश्यक बिंदुओं पर अंतिम अभ्यास किया गया, ताकि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम बहोरीबंद श्री प्रदीप कुमार मिश्रा, तहसीलदार नगर श्री अजीत तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पांडे, रक्षित निरीक्षक श्रीमती संध्या सिंह, सहायक संचालक शिक्षा श्री राजेश अग्रहरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
15 अगस्त को झिंझरी पुलिस मैदान में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। राष्ट्रीय पर्व पर परेड, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कटनी में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा।



