सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान कर जिला पंचायत सीईओ ने जीता दिल’सेवा समाप्त हुई है, जिम्मेदारी नहीं’— अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए बनें प्रेरणा : हरसिमरनप्रीत कौर,सेवानिवृत्त लोकसेवकों से आत्मीय संवाद, सेवाकाल के अनुभव सुने, पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मानित
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान कर जिला पंचायत सीईओ ने जीता दिल‘सेवा समाप्त हुई है, जिम्मेदारी नहीं’— अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए बनें प्रेरणा : हरसिमरनप्रीत कौर,सेवानिवृत्त लोकसेवकों से आत्मीय संवाद, सेवाकाल के अनुभव सुने, पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मानित
कलयुग की कलम कटनी – जिला पंचायत कटनी में सोमवार को अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के सम्मान में आत्मीय एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सेवानिवृत्त लोकसेवकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके सेवाकाल के अनुभव सुने तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है। विभाग को वर्षों तक दी गई सेवाओं और अनुभवों की समाज को निरंतर आवश्यकता रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दायित्व भले ही समाप्त हो जाएं, लेकिन समाज के प्रति जिम्मेदारी और अनुभवों का महत्व कभी कम नहीं होता। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
एक-एक कर्मचारी से किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सीईओ सुश्री कौर ने प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मचारी से अलग-अलग बातचीत कर उनके सेवाकाल के अनुभव, चुनौतियां और उपलब्धियां सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि, भविष्य की योजनाओं और सामाजिक योगदान को लेकर भी चर्चा की। कर्मचारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल की यादें साझा करते हुए विभाग में बिताए गए अनुभवों का उल्लेख किया।
सीईओ ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक सहायता या मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी तो जिला पंचायत सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। उनके आत्मीय व्यवहार और सम्मानपूर्ण पहल की उपस्थित कर्मचारियों ने सराहना की।
इन लोकसेवकों का हुआ सम्मान
31 जुलाई 2026 को अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों-कर्मचारियों में जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की पंचायत समन्वय अधिकारी श्रीमती यशोदा परस्ते, जनपद पंचायत कटनी के ग्राम पंचायत सचिव प्रेमलाल यादव, जनपद पंचायत रीठी के ग्राम पंचायत सचिव गोकरण मिश्रा, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सहायक लेखा अधिकारी केशव प्रसाद परोहा तथा सहायक ग्रेड-3 उत्तमचंद राय सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिला पंचायत सीईओ द्वारा प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से आत्मीय मुलाकात कर सम्मानित किए जाने की इस पहल को कर्मचारी हितैषी, प्रेरणादायी और सम्मानजनक परंपरा बताते हुए इसकी मुक्तकंठ से सराहना की।



