प्रशासनमध्यप्रदेश

समीक्षा बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों पर जिला पंचायत सीईओ का सख्त एक्शन,अनुपस्थिति और लापरवाही पड़ी भारी: सहायक यंत्री को नोटिस, एपीओ पर एक दिन का अवैतनिक दंड,विकास योजनाओं की समीक्षा में ढिलाई पर सख्त संदेश— जवाबदेही तय, लापरवाही किसी भी कीमत पर नहीं होगी बर्दाश्त

कलयुग की कलम से राकेश यादव

समीक्षा बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों पर जिला पंचायत सीईओ का सख्त एक्शन,अनुपस्थिति और लापरवाही पड़ी भारी: सहायक यंत्री को नोटिस, एपीओ पर एक दिन का अवैतनिक दंड,विकास योजनाओं की समीक्षा में ढिलाई पर सख्त संदेश— जवाबदेही तय, लापरवाही किसी भी कीमत पर नहीं होगी बर्दाश्त

कलयुग की कलम कटनी – जिले में विकास एवं रोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में गैरहाजिरी और कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एक ओर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर जनपद पंचायत बड़वारा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) पर एक दिन का अवैतनिक दंड लगाया गया है।

जिला पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, समीक्षा बैठक में विजयराघवगढ़ जनपद के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा नहीं हो सकी, क्योंकि संबंधित सहायक यंत्री अरुण चतुर्वेदी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। बैठक में व्हीबी-जी रामजी योजना के तहत जल गंगा संवर्धन अभियान, श्रमिक नियोजन, प्लानर एवं सिपरी पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों के सत्यापन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा प्रस्तावित थी। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की प्रगति अपेक्षाकृत काफी कम है।

इन परिस्थितियों को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सहायक यंत्री को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना की वर्चुअल समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत बड़वारा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह भी निर्धारित समय पर शामिल नहीं हुए। बताया गया कि बैठक की सूचना पूर्व में व्हाट्सएप समूह के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई थी, इसके बावजूद उनकी अनुपस्थिति के कारण संबंधित जनपद की योजनाओं की समीक्षा प्रभावित हुई।

इस लापरवाही को गंभीर प्रशासनिक चूक मानते हुए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने श्री सिंह के विरुद्ध एक दिवस के अवैतनिक दंड की कार्रवाई की है।

सीईओ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को विकास कार्यों में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button