करौंदी के भारत माता मध्य भू-भाग को मिलेगी नई पहचान? विधायक की पहल से तेज हुई विकास की उम्मीदें,मुख्यमंत्री से 108 फीट भारत माता प्रतिमा, पहाड़ी मार्ग, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की मांग; श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जताया आभार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

करौंदी के भारत माता मध्य भू-भाग को मिलेगी नई पहचान? विधायक की पहल से तेज हुई विकास की उम्मीदें,मुख्यमंत्री से 108 फीट भारत माता प्रतिमा, पहाड़ी मार्ग, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की मांग; श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जताया आभार
कटनी। मध्य पदेश
कलयुग की कलम उमरिया पान – करौंदी स्थित भारत माता के मध्य भू-भाग (सेंटर प्वाइंट) को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग अब नई गति पकड़ती नजर आ रही है। लंबे समय से इस विषय को प्रमुखता से उठा रहे मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला इकाई कटनी के प्रयासों को जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर करौंदी स्थित भारत माता के मध्य भू-भाग के समग्र विकास, 108 फीट ऊंची भारत माता प्रतिमा की स्थापना, पहाड़ी मार्ग निर्माण और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए औपचारिक मांग पत्र सौंपा है।
भाजपा नेता ठाकुर योगेंद्र सिंह के अनुसार विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि करौंदी का यह स्थल भौगोलिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यटन एवं धार्मिक विकास की योजनाएं लागू होती हैं तो यह स्थान प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल हो सकता है।
मांग पत्र में प्रस्ताव रखा गया है कि भारत माता के मध्य भू-भाग का समग्र विकास किया जाए, आकर्षक सौंदर्यीकरण कराया जाए, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सुरक्षित पहाड़ी मार्ग बनाया जाए तथा 108 फीट ऊंची भारत माता की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। प्रस्ताव के अनुसार इन कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला इकाई कटनी ने विधायक द्वारा उठाए गए इस कदम का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। संघ का कहना है कि करौंदी स्थित भारत माता का मध्य भू-भाग केवल कटनी जिले की ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की एक विशिष्ट पहचान है। इसकी प्राकृतिक सुंदरता, भौगोलिक विशेषता और धार्मिक महत्व इसे राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।
संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह राजपूत एवं जिला महासचिव अज्जू सोनी ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि यदि प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति मिलती है तो करौंदी आने वाले समय में प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यह पहल केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव और क्षेत्रीय विकास से जुड़ा विषय भी है।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सरकार इस जनभावना से जुड़े प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी और करौंदी स्थित भारत माता के मध्य भू-भाग को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे सभी श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने विधायक श्री सिंह के इस प्रयास की सराहना कर आभार व्यक्त किया है।



