मानवता की मिसाल बनी बाकल पुलिस: डायल-112 की सूचना पर लापता युवती को सुरक्षित बचाया, परिजनों से मिलाया
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मानवता की मिसाल बनी बाकल पुलिस: डायल-112 की सूचना पर लापता युवती को सुरक्षित बचाया, परिजनों से मिलाया
कलयुग की कलम कटनी बाकल – पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी है। इसी मानवीय जिम्मेदारी का परिचय देते हुए थाना बाकल पुलिस ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं लापता 19 वर्षीय युवती को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसे उसके परिजनों से मिलाकर संवेदनशील कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले युवती के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उसका आवश्यक उपचार कराया, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हो सके।
इसके बाद थाना पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए युवती की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू की। अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम युवती के परिवार तक पहुंचने में सफल रही और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
युवती को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना बाकल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता तथा मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
क्षेत्र के लोगों ने भी थाना प्रभारी दिनेश तिवारी एवं उनकी टीम के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की ऐसी मानवीय पहल समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करती है।



