स्लीमनाबाद पुलिस का शिकंजा: 10 पेटी अवैध शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, लाखों की कार भी जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्लीमनाबाद पुलिस का शिकंजा: 10 पेटी अवैध शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, लाखों की कार भी जब्त
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 पेटी अवैध शराब के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब से भरी एक मारुति ईको कार भी जब्त की गई, जिससे अवैध परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शारदा मार्बल के सामने चेकिंग के समय एक सफेद रंग की मारुति ईको कार (क्रमांक एमपी-20-ज़ेडए-1151) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच में आठ पेटी देसी मसाला शराब और दो पेटी देसी शराब सहित कुल 10 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है।
मौके से पुलिस ने उमेश दीक्षित (47) निवासी हरदी, जय कुमार पटेल (35), सनित पटेल (22), आनंद उर्फ सोनू पटेल (29) निवासी पड़रिया खुर्द तथा नीरज पटेल (27) निवासी सिमरिया को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 453/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। बाद में सभी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना स्लीमनाबाद के थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, प्रधान आरक्षक तेज प्रकाश सिंह, प्रेम शंकर पटेल, लखन पटेल तथा आरक्षक मनीष पटेल और रोहित पाटकर की उल्लेखनीय भूमिका रही।



