जमीन विवाद बना मौत की वजह उमरिया पान चक्काजाम के बाद तेज हुई कार्रवाई: आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 6 गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जेल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जमीन विवाद बना मौत की वजह उमरिया पान चक्काजाम के बाद तेज हुई कार्रवाई: आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 6 गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जेल
कलयुग की कलम उमरिया पान – थाना क्षेत्र के बार बरेली गांव में अधेड़ की संदिग्ध मौत के मामले में उमरियापान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
जानकारी के अनुसार बार बरेली निवासी शोहबत चक्रवर्ती (56) का शव बुधवार रात उनके घर में फंदे से लटका मिला था। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में सामने आए तथ्यों और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया।
घटना के बाद गुरुवार को मृतक के परिजनों ने शव को उमरियापान के आजाद चौक पर रखकर चक्काजाम किया था। परिजनों का आरोप था कि 2 जुलाई को जमीन विवाद को लेकर परिवार के कुछ लोगों ने शोहबत चक्रवर्ती के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत उमरियापान थाने में की गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से वे लगातार मानसिक तनाव में थे।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि सुसाइड नोट एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर जगन्नाथ चक्रवर्ती, रामनाथ चक्रवर्ती, बैजनाथ चक्रवर्ती, जगदीश चक्रवर्ती तथा दो महिलाओं के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



