एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

मुक्तिधाम पर कथित अतिक्रमण से ग्रामीणों में आक्रोश: शेड में बांधे जा रहे मवेशी, शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मुक्तिधाम पर कथित अतिक्रमण से ग्रामीणों में आक्रोश: शेड में बांधे जा रहे मवेशी, शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप

कलयुग की कलम उमरिया पान – ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी पाठक के तिघरा गांव में स्थित मुक्तिधाम और उससे लगी शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पंचायत एवं राजस्व विभाग से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच, अतिक्रमण हटाने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा मुक्तिधाम परिसर और उससे लगी शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। शिकायत के अनुसार मुक्तिधाम में बने शेड का उपयोग पालतू मवेशियों को बांधने के लिए किया जा रहा है। साथ ही मुक्तिधाम से सटी भूमि की जुताई भी कर दी गई है, जिससे सार्वजनिक उपयोग के इस स्थल की उपयोगिता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुक्तिधाम पूरे गांव की सार्वजनिक संपत्ति है और यहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण भविष्य में अंतिम संस्कार जैसे आवश्यक कार्यों में बाधा उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व एवं पंचायत अमला मौके पर पहुंचकर स्थिति का सत्यापन करे और यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा उन्हें गाली-गलौज कर डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में भी उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

वहीं, ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति से बातचीत कर मुक्तिधाम के शेड से मवेशियों को हटाने तथा सार्वजनिक भूमि से कब्जा हटाने के लिए कहा गया है। पंचायत का कहना है कि मामले के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button