प्रशासनमध्यप्रदेश

योजनाओं की हकीकत अब सीधे गांवों में: जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर अधिकारियों की फील्ड विजिट, आवास से अमृत सरोवर तक हुई जमीनी समीक्षा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

योजनाओं की हकीकत अब सीधे गांवों में: जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर अधिकारियों की फील्ड विजिट, आवास से अमृत सरोवर तक हुई जमीनी समीक्षा

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए जिला पंचायत प्रशासन ने मैदानी निरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर बुधवार को विभिन्न योजना प्रभारी अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों का दौरा कर संचालित योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने विकसित भारत गारंटी, रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं के प्रभारी अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाना, गुणवत्ता सुनिश्चित करना और समयबद्ध लक्ष्य हासिल करना है।

निर्देशों के पालन में परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार ने जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत टेढ़ी के ग्राम सुनहरी पहुंचकर अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं पूर्णता का जायजा लेते हुए ग्राम पंचायत को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

वहीं सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह ने जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत नेगवां, रामपुर, कुड़ाई एवं खुसरा का भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तृतीय किस्त प्राप्त हितग्राहियों के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने की अपील की, ताकि पात्र परिवारों को शीघ्र स्थायी आवास का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित जनपद पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

Related Articles

Back to top button