प्रशासनमध्यप्रदेश

आकांक्षी विकासखंड रीठी को नई रफ्तार: हर पैरामीटर में ‘सैचुरेशन’ का लक्ष्य, जिला पंचायत सीईओ ने विभागों को दिया सख्त रोडमैप

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आकांक्षी विकासखंड रीठी को नई रफ्तार: हर पैरामीटर में ‘सैचुरेशन’ का लक्ष्य, जिला पंचायत सीईओ ने विभागों को दिया सख्त रोडमैप

कलयुग की कलम कटनी – आकांक्षी विकासखंड रीठी को विकास के विभिन्न मानकों पर अग्रणी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ ने की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित प्रत्येक पैरामीटर में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य (सैचुरेशन) हासिल करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई करें।

बैठक में नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड रीठी के विभिन्न विकास संकेतकों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, किसान कल्याण एवं कृषि, पशुपालन तथा अन्य विभागों की प्रगति का बिंदुवार आकलन करते हुए अधिकारियों से वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित देखभाल, सुरक्षित संस्थागत प्रसव, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, कुपोषण निवारण तथा पोषण सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यात्मक शौचालय, स्वच्छ पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

शिक्षा विभाग से विद्यालय छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी लाने, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए। कृषि एवं पशुपालन विभाग से मृदा स्वास्थ्य, किसान उत्पादक संगठनों की सक्रियता, ग्रामीण आजीविका, पशुओं के टीकाकरण तथा किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर तक पेयजल उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायतों में इंटरनेट एवं वाई-फाई जैसी डिजिटल सुविधाओं के विस्तार तथा सामाजिक एवं डिजिटल सशक्तिकरण से जुड़े संकेतकों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने कमजोर प्रदर्शन वाले मानकों की पहचान कर सभी विभागों को आपसी समन्वय से सुधारात्मक कार्ययोजना बनाकर तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में डॉ. राज सिंह ठाकुर, यशवंत वर्मा, प्रेम नारायण तिवारी, राजेश अग्रहरि, वन श्री कुवैती, राजेश नरेंद्र सिंह, अभिराज दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button