जनहित सर्वोपरि: विकास की रफ्तार पर खुद करेंगे निगरानी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई — प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह,कटनी में विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा: किसानों, छात्रों, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सुधार और नशा नियंत्रण पर लिए गए बड़े फैसले
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनहित सर्वोपरि: विकास की रफ्तार पर खुद करेंगे निगरानी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई — प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह,कटनी में विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा: किसानों, छात्रों, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सुधार और नशा नियंत्रण पर लिए गए बड़े फैसले
कलयुग की कलम कटनी – प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल विकास कार्यों का निर्माण नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा किसी भी विकास कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कृषि, शिक्षा, सिंचाई, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, नगरीय विकास तथा नशा नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमण्डलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों को एनपीके उर्वरक अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को डीएपी पर अत्यधिक निर्भरता से बाहर निकालते हुए संतुलित पोषण वाले एनपीके उर्वरक के उपयोग के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आत्मा परियोजना, कृषि विस्तार अधिकारियों और कृषि सखियों के माध्यम से वैज्ञानिक खेती को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़े और किसानों की आय में वृद्धि हो।
स्लीमनाबाद टनल परियोजना अंतिम चरण में
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि 12 किलोमीटर लंबी स्लीमनाबाद टनल परियोजना में अब केवल 44 मीटर खुदाई शेष है और 15 जुलाई तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। प्रभारी मंत्री ने परियोजना को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने से कटनी, मैहर, सतना सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
कम नामांकन वाले स्कूलों पर विशेष फोकस
शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या लगातार कम बनी हुई है, वहां नामांकन बढ़ाने के गंभीर प्रयास किए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार विद्यालयों का समायोजन कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
ब्लैक स्पॉट पर बढ़ेगी सुरक्षा, दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
प्रभारी मंत्री ने लमतरा और पीरबाबा बायपास जैसे दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पीरबाबा बायपास पर बड़े दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता बताते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
नशे के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जिले में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने की बात कही।
उन्होंने कटनी जंक्शन क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही को देखते हुए होटल, लॉज एवं अन्य ठहरने वाले स्थानों का नियमित सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों और की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की।
आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम और स्वच्छ कटनी की तैयारी
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने पर भी विशेष चर्चा हुई। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ संस्थान के सहयोग से वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे कटनी को अधिक सुव्यवस्थित और स्वच्छ शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
अन्य विकास योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं, निर्माणाधीन पुलों तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे, डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



