पोषण के साथ स्वाद का संगम’ : कुकिंग प्रतियोगिता में ग्रामीण महिलाओं ने दिखाया हुनर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और सीईओ ने चखे व्यंजन,मिलेट्स से बने पौष्टिक पकवानों ने जीता दिल, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार, शील्ड और प्रशस्ति-पत्र से किया सम्मानित
कलयुग की कलम से राकेश

‘पोषण के साथ स्वाद का संगम’ : कुकिंग प्रतियोगिता में ग्रामीण महिलाओं ने दिखाया हुनर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और सीईओ ने चखे व्यंजन,मिलेट्स से बने पौष्टिक पकवानों ने जीता दिल, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार, शील्ड और प्रशस्ति-पत्र से किया सम्मानित
कलयुग की कलम कटनी – प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित कुक-कम-हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता में ग्रामीण अंचल की महिला रसोइयों ने अपनी पाक कला का शानदार प्रदर्शन किया। जनपद पंचायत कटनी एवं जनपद शिक्षा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 30 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने मोटे अनाज (मिलेट्स), दालों, हरी सब्जियों एवं अन्य पोषक तत्वों से भरपूर स्वादिष्ट और संतुलित व्यंजन तैयार किए, जिनका निरीक्षण कर अतिथियों ने उनकी मेहनत और पाक-कौशल की खुलकर सराहना की।
मिलेट्स से बने व्यंजनों की हुई खूब प्रशंसा
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा एवं सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद चखा और कहा कि विद्यालयों में बच्चों को स्वादिष्ट, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में ऐसी प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं के नवाचार, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विजेताओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम पुरस्कार (₹5,000) – जय अंबे स्व-सहायता समूह की ज्योति राव
द्वितीय पुरस्कार (₹3,000) – कल्याणी समूह की अर्चना तिवारी एवं जागृति समूह की देवकी बाई
तृतीय पुरस्कार (₹2,000) – श्रीराम समूह की राजकुमारी त्रिपाठी, वैभव समूह की जमुना बैरागी तथा गंगा समूह की शाहिस्ता
इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए ₹1,000 की सांत्वना राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री से अधिक स्वादिष्ट, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन तैयार करने की संस्कृति को बढ़ावा देना, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटे अनाज, दालों, हरी सब्जियों और पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करना तथा ऐसे नवाचारों को सामने लाना है जिन्हें भविष्य में विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन मेन्यू में शामिल किया जा सके। साथ ही पोषण, स्वाद और लागत के बीच संतुलन स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था को बढ़ावा देना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, बीआरसीसी मनोज कुमार गौतम, मध्यान्ह भोजन प्रभारी माधुरी तिवारी, राकेश कुमार दुबे, अरुण कुमार परिहार, सपना चतुर्वेदी, आरती डेंगरे, गीता मिश्रा, अरुण कुमार पटेल, जग्गी पटेल, अनीता ठाकुर, हेमा किरकिट्टा, अतुल आनंद अवस्थी, संदीप पुरवार, पंकज पटेल, गोविंद पटले, आनंद मिश्रा, मोहित जायसवाल, सुंदर कोरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



