प्रशासनमध्यप्रदेश

समयबद्ध जनसेवा पर कलेक्टर का सख्त संदेश “लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ”सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख्ती, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और स्वास्थ्य, कृषि व श्रमिक कल्याण योजनाओं की गहन समीक्षा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

समयबद्ध जनसेवा पर कलेक्टर का सख्त संदेश “लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ”सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख्ती, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और स्वास्थ्य, कृषि व श्रमिक कल्याण योजनाओं की गहन समीक्षा

कलयुग की कलम कटनी – जिले में आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिले।

सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनहित की सेवाओं में देरी नहीं होगी

कलेक्टर ने कहा कि खाद-बीज वितरण, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी हैं। इन सेवाओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्ती, नोटिस के निर्देश

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन, खनिज, श्रम, सामाजिक न्याय, पीएचई, सहकारिता और आबकारी विभागों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। पीएम किसान एवं सीएम किसान योजना से जुड़ी शिकायतों के विश्लेषण और त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।

कृषि व्यवस्था और खाद उपलब्धता पर विशेष निगरानी

कलेक्टर ने मूंग और उड़द फसल के पंजीयन कराने वाले किसानों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने तथा आगामी धान सीजन के लिए शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान विजयराघवगढ़ क्षेत्र में डीएपी खाद के भंडारण और वितरण की भौतिक जांच कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और दस्तक अभियान की तैयारी

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एएनसी जांच की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बड़वारा, ढीमरखेड़ा और कन्हवारा के बीएमओ को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। लंबित प्रसव संबंधी प्रकरणों को पोर्टल पर शीघ्र अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए ताकि हितग्राहियों को प्रसूति सहायता योजना का लाभ समय पर मिल सके।

आगामी 14 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान को लेकर डायरिया नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और पीएचई विभाग को पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अनुपस्थिति और लापरवाही पर प्रशासन सख्त

बैठक में आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित न होने पर नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के एक सब इंजीनियर पर नाराजगी जताई गई। वहीं पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व मामलों का तेजी से होगा निपटारा

नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अभिलेख दुरुस्ती जैसे लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

श्रमिकों के पंजीयन और सामाजिक योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने खदानों, उद्योगों और निर्माण कार्यों में कार्यरत श्रमिकों का श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबल योजना के पंजीयन, अनुग्रह सहायता, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों तथा कुपोषित बच्चों की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जनहित से जुड़े प्रत्येक विभाग को स्पष्ट संदेश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

Related Articles

Back to top button