कटनी पुलिस ने रचा नया कीर्तिमान: 16 पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाणन, उत्कृष्ट पुलिसिंग का बना नया मानक,एनकेजे थाना परिसर में भव्य समारोह, आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने वितरित किए प्रमाणपत्र; बेहतर जनसेवा और पारदर्शी कार्यप्रणाली को मिली राष्ट्रीय स्तर की पहचान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी पुलिस ने रचा नया कीर्तिमान: 16 पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाणन, उत्कृष्ट पुलिसिंग का बना नया मानक,एनकेजे थाना परिसर में भव्य समारोह, आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने वितरित किए प्रमाणपत्र; बेहतर जनसेवा और पारदर्शी कार्यप्रणाली को मिली राष्ट्रीय स्तर की पहचान
कलयुग की कलम उमरिया पान – कटनी पुलिस ने प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण जनसेवा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की है। जिले के 13 पुलिस थानों और 3 पुलिस कार्यालयों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आईएसओ (ISO) प्रमाणन प्रदान किया गया। यह सम्मान पुलिस विभाग की व्यवस्थित कार्यप्रणाली, जवाबदेही, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
एनकेजे थाना परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में जबलपुर जोन के एडीजी एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को आईएसओ प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर आईएसओ भोपाल की विशेषज्ञ टीम भी उपस्थित रही।
समारोह की शुरुआत आईजी प्रमोद कुमार वर्मा द्वारा आईएसओ प्रमाणित एनकेजे थाना भवन का फीता काटकर शुभारंभ करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग और जनविश्वास ही आधुनिक पुलिस व्यवस्था की सबसे बड़ी पहचान है।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसया, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी रत्नेश मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि आईजी प्रमोद कुमार वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद मंचासीन सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।
आईएसओ प्रमाणन से बढ़ेगी सेवा की गुणवत्ता
आईएसओ कंसल्टेंट योगेंद्र द्विवेदी ने प्रमाणन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि आईएसओ मानक अपनाने से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही, रिकॉर्ड प्रबंधन और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने कहा कि कटनी पुलिस ने निर्धारित सभी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की है।
डॉक्यूमेंट्री और विशेष पत्रिका का हुआ विमोचन
समारोह के दौरान कटनी पुलिस की उपलब्धियों और नवाचारों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। साथ ही विभागीय गतिविधियों पर आधारित स्मारिका का भी अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।
समारोह से पहले आईजी ने किया थानों का निरीक्षण
कटनी आगमन से पूर्व आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने जिले के स्लीमनाबाद, यातायात, कोतवाली, माधवनगर, कुठला और एनकेजे थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, जनसुनवाई व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी दिए।
इन पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाणन
पुलिस कार्यालय ,कार्यालय पुलिस अधीक्षक, कटनी,एसडीओपी कार्यालय विजयराघवगढ़
एसडीओपी कार्यालय स्लीमनाबाद,पुलिस थाने,कोतवाली,कुठला,माधवनगर,यातायात ,एनकेजे,स्लीमनाबाद,उमरियापान,बहोरीबंद,ढीमरखेड़ा,रीठी,बड़वारा,बरही,विजयराघवगढ़
जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
कटनी पुलिस की इस उपलब्धि से पूरे जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का वातावरण है। अधिकारियों का मानना है कि आईएसओ प्रमाणन केवल सम्मान नहीं, बल्कि नागरिकों को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी है। यह उपलब्धि भविष्य में पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, व्यवस्थित तथा जनहितैषी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।



