प्रशासनमध्यप्रदेश

आईटीआई की दहलीज तक पहुंची शिक्षा: गांव-गांव जाकर युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की अनूठी पहल,प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए घर-घर पहुंचकर किया जा रहा मार्गदर्शन, मौके पर ही ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग में मिल रही सहायता

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आईटीआई की दहलीज तक पहुंची शिक्षा: गांव-गांव जाकर युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की अनूठी पहल,प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए घर-घर पहुंचकर किया जा रहा मार्गदर्शन, मौके पर ही ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग में मिल रही सहायता

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – तकनीकी शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा द्वारा प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधे संपर्क कर उन्हें आईटीआई में प्रवेश, प्रशिक्षण एवं रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है।

शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा के प्राचार्य संत सिंह के मार्गदर्शन में प्रवेश प्रचार-प्रसार प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने विकासखंड ढीमरखेड़ा के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर युवाओं को तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बम्हनी, महनेर, मडेरा, पौड़ी खुर्द, पौड़ी बड़ी, सिमरिया, ढीमरखेड़ा, पिंडरई, दशरमन, देवरी बिछिया, रामपुर, सनकुई, मुरवारी, गनियारी, परसवारा, परसेल, बरहटा सहित अनेक गांवों में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

अभियान के दौरान युवाओं को ऑनलाइन पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई। इतना ही नहीं, इच्छुक अभ्यर्थियों का मौके पर ही ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कराकर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में भी सहयोग प्रदान किया गया।

प्रचार-प्रसार अभियान में विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना सहित विभिन्न कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि आईटीआई का प्रशिक्षण भविष्य में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए भी मजबूत आधार बनता है।

अभियान के दौरान महिलाओं को आईटीआई में उपलब्ध 35 प्रतिशत आरक्षण की जानकारी देते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा युवाओं को यह भी बताया गया कि आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अग्निवीर भर्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त अवसर एवं प्राथमिकता का लाभ मिलता है।

शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा द्वारा संचालित यह जन-जागरूकता अभियान निरंतर जारी है। संस्थान का उद्देश्य है कि ग्रामीण अंचल का कोई भी इच्छुक युवा तकनीकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से वंचित न रहे तथा अधिक से अधिक युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button