कटनी जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ,1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक पोलियो की खुराक, कोई भी बच्चा न छूटे—स्वास्थ्य विभाग की अपील
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ,1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक पोलियो की खुराक, कोई भी बच्चा न छूटे—स्वास्थ्य विभाग की अपील
कलयुग की कलम कटनी – जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय स्थित मातृ एवं शिशु परिचर्या भवन में किया गया। कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने अपनी चार वर्षीय पुत्री देवांशी एवं 18 माह के पुत्र तेजस को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय में जन्मे 20 नवजात शिशुओं को भी पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 73 हजार 555 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1670 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को निःशुल्क पोलियो की दवा पिला रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस यदि कोई बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाता है, तो दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो की दवा पिलाएंगी। इस कार्य के लिए जिले में 3354 टीकाकरण कर्मियों तथा 162 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का एक भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है और प्रत्येक नागरिक का सहयोग इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई, डॉ. नरेंद्र झामनानी, आरएमओ डॉ. राजीव द्विवेदी, डॉ. मनीष मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



